Delhi Weather: दिल्ली में शुरू हुआ सर्दी का सितम, 6 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान; जानें प्रदूषण का हाल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ठंडी हवा चलने से रात और सुबह में तापमान में धीरे-धीरे कमी आ रही है। इस वजह से सुबह में ठंड अधिक रह रही है। जबकि, दोपहर में अच्छी धूप निकलने से ठंड से राहत बरकरार है।
न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पर आने के कारण शनिवार की सुबह इस सीजन में अब सबसे अधिक ठंडी रही। लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
अब और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। अगले कुछ दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
वहीं इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 24.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस था।
‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंची हवा की गुणवत्ता
राजधानी में अभी भले ही प्रदूषण का स्तर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है, लेकिन यह कभी भी ‘खतरनाक’ श्रेणी में पहुंच सकता है। इसके मद्देनजर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने प्रदूषण की रोकथाम के लिए अक्टूबर में लागू किए गए विंटर एक्शन प्लान पर गंभीरता से काम जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी अपने अधिकार क्षेत्र वाली सभी सड़कों पर पानी का नियमित छिड़काव करने के लिए कहा है।
ऊंची इमारतों पर लगाई गई स्माग गन
ऊंची इमारतों पर लगाई गईं स्माग गन को लगातार चलाने के लिए कहा है। बताया जाता है कि कुछ मामलों में लापरवाही की मिल रही शिकायतों के चलते विभाग प्रमुख ने फिर से निर्देश जारी किए हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर पीडब्ल्यूडी ने अपने अधिकार क्षेत्र में कुछ ऊंची इमारतों पर स्माग गन लगाई हैं, जो इमारतों के आसपास लगभग 100 मीटर तक पानी का छिड़काव करती हैं। इसे बेहतर प्रयोग माना जा रहा है। सड़कों पर पानी का छिड़काव करने के लिए टैंकर लगाए गए हैं।
निर्माण स्थलों को मिलाकर अभी 158 स्माग गन हैं। प्रदूषण रोकने के लिए इस बार पीडब्ल्यूडी अतिरिक्त व्यवस्थाएं जुटाकर इस क्षेत्र में काम कर रहा है। विभाग ने धूल से होने वाले प्रदूषण को रोकने की दृष्टि से सभी निर्माण स्थलों पर धूल से बचाव के नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है।
विभाग प्रमुख को यह निर्देश इसलिए देने पड़े हैं, क्योंकि कई जगह निर्माण स्थलों पर स्माग गन अब नजर नहीं आ रही हैं या बंद हैं। विभाग प्रमुख की ओर से जारी निर्देश में साफ कहा गया है कि नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के पास दिल्ली में 1,259 किमी लंबी सड़कें हैं।
To join us on WhatsApp Click Here and Join our channel on Telegram Click Here!